शेख आबिद

रायपुर। छत्तीसगढ़ खेल जगत के लिए यह एक ऐतिहासिक अवसर है। छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन के 23 दिसंबर तत्वावधान में 45वीं NTPC जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन 23 दिसंबर से 30 दिसंबर 2025 तक राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एथलेटिक स्टेडियम, कोटा रोड में किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता राज्य में पहली बार इतने व्यापक राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित हो रही है।
इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 36 राज्यों एवं इकाइयों से हर राज्य के 30 टॉप जूनियर तीरंदाज भाग लेंगे। इसके साथ ही प्रत्येक राज्य से 6-6 कोच और मैनेजर भी रायपुर पहुंचेंगे। इस तरह प्रतियोगिता में खिलाड़ियों, कोचों और मैनेजर्स को मिलाकर करीब 1200 से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी रहेगी।
प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए करीब 250 आयोजक, 150 स्कोरर, तकनीकी अधिकारी और आयोजन मंडल के सदस्य शामिल रहेंगे।
आयोजन में रिकर्व, कंपाउंड और इंडियन राउंड श्रेणियों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिसमें देश की उभरती हुई खेल प्रतिभाएं अपना दमखम दिखाएंगी।
23 दिसंबर को भव्य उद्घाटन
प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 23 दिसंबर 2025 को शाम 4 बजे आयोजित होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष माननीय विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
उद्घाटन समारोह में राज्य सरकार, खेल विभाग, आर्चरी फेडरेशन ऑफ इंडिया, NTPC, SAI और अन्य राष्ट्रीय संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
खेल पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
यह आयोजन छत्तीसगढ़ में खेल संस्कृति और खेल पर्यटन को नई दिशा देगा। देशभर से आने वाले खिलाड़ी और अधिकारी राज्य की खेल सुविधाओं, संस्कृति और आतिथ्य से परिचित होंगे।