1812 संविदा पदों के लिए 34,514 अभ्यर्थियों को जारी किए गए प्रवेश पत्र, 4 नवंबर तक चलेगी कंप्यूटर आधारित परीक्षा

महिला अभ्यर्थियों की संख्या पुरुषों से अधिक, सीबीटी परीक्षा प्रणाली को परीक्षार्थियों ने बताया पारदर्शी और प्रभावी

रायपुर, 31 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1812 रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए आयोजित शिक्षक भर्ती परीक्षा के पहले दिन अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रदेशभर में आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में पहले दिन 83.25 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। यह परीक्षा 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है।
लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, परीक्षा के पहले दिन प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में कुल 10 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की गईं। इनमें 7,025 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,177 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। विषयवार उपस्थिति में शिक्षक गणित विषय के अभ्यर्थियों ने सबसे अधिक रुचि दिखाई। इस विषय में 90.25 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
वहीं व्याख्याता सामाजिक विज्ञान में 84.87 प्रतिशत, भौतिकी में 84.83 प्रतिशत, जीव विज्ञान में 83.27 प्रतिशत, संस्कृत में 81.77 प्रतिशत, इतिहास में 80.56 प्रतिशत और रसायन विषय में 77.07 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इसी तरह व्यायाम शिक्षक में 76.90 प्रतिशत, भूगोल में 64.29 प्रतिशत तथा अर्थशास्त्र में 63.64 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
34,604 अभ्यर्थियों ने किया आवेदन
इस भर्ती परीक्षा के लिए कुल 34,604 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें से 34,514 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं। इस तरह कुल आवेदकों में 99.74 प्रतिशत को प्रवेश पत्र उपलब्ध कराए गए। आवेदन करने वालों में 20,779 महिला अभ्यर्थी और 13,825 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं। कुल आवेदकों में महिलाओं की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत और पुरुषों की 40 प्रतिशत रही। इसके अलावा 332 दिव्यांग अभ्यर्थियों ने भी भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन किया है।
पहली बार सीबीटी प्रणाली से परीक्षा
छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा पहली बार आयोजित इस कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। परीक्षार्थियों का कहना है कि पारंपरिक ओएमआर और पेन-पेपर परीक्षा की तुलना में सीबीटी प्रणाली अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी है। कंप्यूटर के माध्यम से उत्तरों का स्वचालित मूल्यांकन होने से कम समय में परीक्षा परिणाम तैयार करने और घोषित करने में सुविधा होगी।
सीबीटी प्रणाली में अभ्यर्थियों के उत्तर, उत्तर कुंजी, डिजिटल रिकॉर्ड और ऑडिट ट्रेल सुरक्षित रहने से परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहती है। अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में प्रदेश की अन्य भर्ती परीक्षाओं का आयोजन भी कंप्यूटर आधारित प्रणाली से किया जाएगा।