स्कूल शिक्षा विभाग की स्टॉल में STEM, अटल टिंकरिंग लैब, स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी का होगा प्रदर्शन
रायपुर, 31 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से लगाई जा रही विभागीय स्टॉल में प्रदेश की बदलती शिक्षा व्यवस्था, आधुनिक शिक्षण तकनीकों और शैक्षणिक नवाचारों की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी। स्टॉल के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए संचालित योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुखी बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।
विभागीय स्टॉल में समावेशी शिक्षा, कौशल विकास, STEM शिक्षा, अटल टिंकरिंग लैब (ATL), कंपोजिट लैब, नवाचार, राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) की उपलब्धियां, मुस्कान पुस्तकालय, डिजिटल लाइब्रेरी और स्मार्ट क्लास सहित शिक्षा से जुड़े विभिन्न आयामों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, NCC, स्काउट-गाइड और रेडक्रॉस की गतिविधियों को भी स्थान दिया गया है।
स्टॉल का विशेष आकर्षण विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित आधारित STEM शिक्षा तथा अटल टिंकरिंग लैब होंगी। इनके माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करने के प्रयासों को दर्शाया जाएगा। वहीं डिजिटल लाइब्रेरी और स्मार्ट क्लास के जरिए शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाने की पहल की जानकारी भी दी जाएगी।
प्रदर्शनी में SCERT की शैक्षणिक उपलब्धियों, शिक्षक प्रशिक्षण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, व्यावहारिक ज्ञान और कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे कार्यों को भी रेखांकित किया जाएगा।
इसके अलावा NCC, स्काउट-गाइड और रेडक्रॉस के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने के प्रयासों की जानकारी मिलेगी। समावेशी शिक्षा के तहत प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के उद्देश्य को भी प्रदर्शनी में प्रमुखता से दर्शाया जाएगा।
स्कूल शिक्षा विभाग की यह स्टॉल राज्योत्सव में आने वाले नागरिकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलावों और नवाचारों को करीब से जानने का अवसर बनेगी।
