रायपुर। डीडी नगर थाना क्षेत्र के डंगनिया में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी करने वाले तीन आरोपियों को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपये कीमत के चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, छह घड़ियां और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में दो पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक, डंगनिया निवासी स्वरोचिष मिश्रा 22 अक्टूबर की रात अपने मकान में ताला लगाकर बाहर गए थे। अगले दिन सुबह लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के सभी दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। कमरों का सामान अस्त-व्यस्त था तथा अलमारी और उसका लॉकर भी टूटा हुआ था। लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नगदी गायब थे। शिकायत पर डीडी नगर थाना में अपराध क्रमांक 676/26 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही पुराने नकबजनी और चोरी के मामलों में संलिप्त आरोपियों तथा हाल ही में जेल से रिहा हुए लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी गई।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मोतीनगर टिकरापारा निवासी यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी को कुछ लोगों के साथ घटना स्थल के आसपास संदिग्ध हालत में देखा गया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ और परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, छह नग घड़ियां और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LU 4432 जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
पहले भी आपराधिक मामलों में जा चुके हैं जेल
पुलिस के अनुसार, आरोपी यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी पूर्व में टिकरापारा थाना क्षेत्र के लूट और चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। वहीं शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ भी चोरी और आर्म्स एक्ट के प्रकरणों में जेल निरुद्ध रह चुका है।
गिरफ्तार आरोपी

  • यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी (18 वर्ष 3 माह), निवासी भैरव नगर, मोतीनगर, थाना टिकरापारा, रायपुर।
  • शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ (19 वर्ष), निवासी जाली फैक्ट्री के पास, मोतीनगर, थाना टिकरापारा, रायपुर।
  • परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा (20 वर्ष), निवासी शिव मंदिर के पास, जाली फैक्ट्री रोड, मोतीनगर, रायपुर।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।