रायपुर, 29 अक्टूबर। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में साधु-बाबा बनकर पूजा-पाठ के नाम पर एक परिवार से करीब 15 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के एक आरोपी और विधि से संघर्षरत एक बालक को पकड़ा है। आरोपियों ने बीमारी और घरेलू समस्याओं के समाधान का झांसा देकर पीड़ित परिवार का विश्वास जीता और पूजा-पाठ के नाम पर सोने-चांदी के आभूषण व नकदी ऐंठ ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब तीन लाख रुपये कीमत के 17 ग्राम सोने के आभूषण और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपी फरार हैं।
पुलिस के मुताबिक, फाफाडीह स्थित जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स निवासी जसवंत परमार ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मार्च 2026 में तीन अज्ञात साधु उनके घर पहुंचे थे। आरोपियों ने उनकी पत्नी की बीमारी, आंखों की परेशानी और घरेलू समस्याओं के बारे में सटीक बातें बताकर विश्वास हासिल कर लिया। इसके बाद पूजा-पाठ के नाम पर पहली बार सोने की अंगूठी और नकदी ले ली।
करीब 10 से 12 दिन बाद आरोपी फिर घर पहुंचे और पूजा के बाद जेवरात वापस करने का झांसा देकर सोने की चेन सहित अन्य सोने-चांदी के आभूषण लेते रहे। आरोपियों ने इस बारे में किसी को बताने पर परिवार के सदस्यों की मृत्यु होने या अनिष्ट होने का भय दिखाकर महिला को चुप रहने के लिए कहा।
फोन कर और जेवरात व नकदी मांगने लगे आरोपी
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 से आरोपियों ने लगातार फोन कर और अधिक जेवरात व नकदी की मांग शुरू कर दी। इस पर महिला को संदेह हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी की गई है। आरोपियों ने न तो कोई पूजा-पाठ कराया और न ही लिए गए आभूषण लौटाए। इस तरह करीब 15 लाख रुपये की ठगी की गई। शिकायत पर गंज थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 283/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के निर्देशन में गंज थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पीड़ित और उनकी पत्नी से पूछताछ के साथ आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से पतासाजी के बाद पुलिस ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी गुरुदयाल सिंह उर्फ दल्लू (22) और विधि से संघर्षरत एक बालक को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई और अन्य साथी के साथ मिलकर पूजा-पाठ कराने का झांसा देकर ठगी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 ग्राम सोने के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने इसी तरह की अन्य घटनाओं को भी अंजाम दिया है या नहीं।
गिरफ्तार आरोपी गुरुदयाल सिंह उर्फ दल्लू, पिता भरत सिंह, निवासी नूरगंज सेवा नगर, थाना किला गेट, जिला ग्वालियर (मध्यप्रदेश) है।
