रायपुर, 29 अक्टूबर। दीपावली पर्व के मद्देनजर पटाखा दुकानों के सुरक्षित संचालन और आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम क्षेत्र ने पटाखा व्यवसायियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। गुरुवार को सिविल लाइन स्थित सी/04 भवन के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में ईदगाहभाठा मैदान में पटाखा दुकान लगाने वाले व्यवसायियों सहित पश्चिम क्षेत्र के अन्य पटाखा कारोबारियों को सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) राहुल देव शर्मा की उपस्थिति में आयोजित बैठक में अग्निशमन और नगर निगम के अधिकारी भी शामिल हुए। बैठक में पटाखों के भंडारण एवं विक्रय, अग्नि सुरक्षा, निर्धारित नियमों के पालन और दीपावली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने व्यवसायियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पटाखा दुकानों का संचालन केवल निर्धारित एवं अनुमति प्राप्त स्थानों पर ही किया जाए। प्रत्येक दुकान में अग्निशमन यंत्र और आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने, दुकानों के आसपास ज्वलनशील पदार्थ नहीं रखने तथा पटाखों का निर्धारित सीमा से अधिक भंडारण नहीं करने को कहा गया।
पुलिस ने दुकानों के बीच निर्धारित दूरी बनाए रखने और आवागमन के रास्तों को बाधित नहीं करने की हिदायत भी दी। इसके अलावा पटाखा दुकानों के आसपास धूम्रपान, खुली आग और आग लगने की आशंका पैदा करने वाली गतिविधियों पर रोक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस और संबंधित विभाग को देने के लिए भी कहा गया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा ने व्यवसायियों से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों को गंभीरता से लेने और पटाखों के भंडारण व बिक्री में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी व्यवसायी जिम्मेदारी के साथ कारोबार करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके।
बैठक में सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल, आजाद चौक थाना प्रभारी अर्चना धुरंधर, अग्निशमन निरीक्षक लीलेश्वर सिंह, नगर निगम के अधिकारी, पुलिसकर्मी और पटाखा व्यवसायी उपस्थित रहे।