मुख्यमंत्री ने कहा—प्रदेश में बारिश, अब तक बाढ़ या जनहानि की सूचना नहीं; स्थिति पर रखी जा रही सतत निगरानी
रायपुर, 29 अक्टूबर। चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव को देखते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से दूरभाष पर चर्चा कर प्रदेश के हालात की जानकारी ली। मुख्यमंत्री साय ने उन्हें प्रदेश में हो रही बारिश और उससे उत्पन्न परिस्थितियों से अवगत कराया। केंद्रीय गृह मंत्री ने चक्रवात से प्रभावित राज्यों को केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश में बारिश हो रही है, लेकिन अभी तक कहीं से भी बाढ़ या जनहानि की सूचना नहीं मिली है। राज्य सरकार हालात पर लगातार नजर रख रही है और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए सतर्क है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के बीच समन्वय बनाकर आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने की तैयारी भी रखी गई है।
मुख्यमंत्री साय ने चक्रवात प्रभावित राज्यों को हरसंभव सहायता देने के आश्वासन के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के अलावा आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पुडुचेरी के मुख्यमंत्रियों से भी चर्चा कर चक्रवात की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी प्रभावित राज्यों को केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
