रायपुर, 30 अक्टूबर 2026।शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने प्रतिबंधित मार्गों पर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान शास्त्री चौक के प्रतिबंधित मार्ग एवं निर्धारित समय में प्रवेश करने वाले 27 ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार, शास्त्री चौक के चारों ओर स्थित प्रमुख मार्गों पर ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक यात्री वाहनों का आवागमन सुबह 5 बजे से रात 12 बजे तक प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कई वाहन चालक प्रतिबंधित मार्गों में प्रवेश कर यातायात व्यवस्था प्रभावित कर रहे थे।
प्रतिबंधित मार्गों में जयस्तंभ चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए बॉम्बे मार्केट टर्निंग, रेलवे स्टेशन की ओर से आने वाले वाहनों के लिए मरहीमाता चौक, महिला थाना की ओर से आने वाले वाहनों के लिए बंजारी चौक तथा कलेक्ट्रेट की ओर से आने वाले वाहनों के लिए कलेक्ट्रेट चौक निर्धारित किया गया है।
प्रतिबंधित मार्ग एवं समय के आदेश का पालन सुनिश्चित कराने डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में पिछले दो दिनों से विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत यातायात थाना शारदा चौक एवं यातायात थाना पंडरी की टीम ने शास्त्री चौक और घड़ी चौक पर जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 27 ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने वाहन चालकों को भविष्य में प्रतिबंधित मार्ग एवं समय का उल्लंघन नहीं करने की समझाइश देते हुए चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने पर आगामी दिनों में और सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस ने ऑटो, ई-रिक्शा एवं मैजिक चालकों से निर्धारित मार्गों और समय का पालन करने तथा शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।