रायपुर। राजधानी के अग्रसेन चौक पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण भीषण सड़क हादसा हो गया। स्कोडा कार ने बलेनो कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बलेनो सवार 56 वर्षीय नरेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी, 18 वर्षीय बेटे और 12 वर्षीय बेटी को चोटें आई हैं।
तेलीबांधा थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे की है। स्कोडा कार क्रमांक CG 04 NS 9143 के चालक ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बलेनो कार क्रमांक CG 04 RB 1410 को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्कोडा चालक मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना के समय बलेनो कार में नरेंद्र सिंह (56), उनकी पत्नी सत्येंद्र कौर, बेटा सुमित (18) और बेटी दीपजोत कौर (12) सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नरेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य तीन सदस्य घायल हो गए।
पुलिस ने स्कोडा कार में मौजूद राहुल यादव और शीतल यादव से पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने वाहन चलाने वाले के रूप में ईलू उर्फ ओजश सुकदेव का नाम बताया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।
इधर, स्कोडा कार में सवार लोगों द्वारा शराब सेवन किए जाने के संबंध में सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो भी पुलिस को प्राप्त हुआ है। पुलिस वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है। मृतक नरेंद्र सिंह की मौत के मामले में मर्ग पंचनामा की कार्रवाई के बाद मर्ग जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।