रायपुर। दीपावली के मद्देनजर पटाखों की अवैध गतिविधियों पर पुलिस की नजर है। इसी कड़ी में गोलबाजार पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी संभावित दुर्घटना टल गई। पुलिस ने गणेश राम नगर स्थित शिव शक्ति फटाका दुकान के ऊपर बने आवासीय कमरे में अवैध रूप से पटाखे तैयार करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से पांच कार्टन तैयार पटाखे, अर्धनिर्मित पटाखे और पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाला एल्यूमिनियम पाउडर जब्त किया गया है। संयुक्त टीम ने संबंधित कमरे को सील कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, 1 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शिव शक्ति फटाका दुकान का संचालक अपने आवासीय कमरे में अन्य लोगों को बुलाकर दीपावली में बिक्री के लिए अवैध रूप से पटाखे तैयार करवा रहा है। सूचना मिलते ही एसडीएम कार्यालय, नगर निगम के जोनल कमिश्नर और पर्यावरण अधिकारी के कार्यालय की संयुक्त टीम ने गोलबाजार थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्णा साहू के नेतृत्व में मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान कमरे में ‘टॉप टाइगर’ (TOP TIGER) नाम के पटाखे तैयार किए जाते मिले। टीम ने मौके से पांच कार्टन तैयार पटाखे, बोरियों और कार्टन में रखे अर्धनिर्मित पटाखे तथा एल्यूमिनियम पाउडर जब्त किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बरामद सामग्री लो एक्सप्लोसिव श्रेणी की है।
मामले में पुलिस ने श्याम लाल ठाकुर (76 वर्ष), निवासी गणेश राम नगर, वर्तमान पता गांधी नगर, अमलीडीह और दीपक ठाकुर (57 वर्ष), निवासी कालीनगर, पंडरी को गिरफ्तार किया है। दोनों के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9बी (1)(ए) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घरों और रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण या भंडारण न करें। ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि किसी संभावित हादसे को रोका जा सके।