रायपुर, 1 नवंबर 2026।छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजे गए आत्मीय शुभकामना संदेश के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के तीन करोड़ नागरिकों की ओर से आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का स्नेह और मार्गदर्शन प्रदेश को समृद्ध, सशक्त एवं विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के लिए नई ऊर्जा प्रदान करता है।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर प्रदेशवासियों की वर्षों पुरानी आकांक्षाओं को पूरा किया था। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उनके समृद्ध एवं विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध मिली ऐतिहासिक सफलता से बस्तर में शांति, विश्वास और विकास के नए युग की शुरुआत हुई है। नियद नेल्लानार, प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। बस्तर अब पर्यटन, खेल और उद्यमिता के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ मिल रहा है। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। इसके अलावा गरीब परिवारों को राशन, आवास, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, रेल और हवाई सेवाओं के विस्तार से प्रदेश में निवेश और रोजगार की संभावनाएं बढ़ रही हैं। नवा रायपुर को आधुनिक तकनीक और डिजिटल नवाचार के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। साथ ही प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ने विकसित भारत @2047 के लक्ष्य के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ का रोडमैप तैयार किया है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और प्रदेशवासियों की सहभागिता से छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
