रायपुर, 28 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर महानदी के बढ़ते जलस्तर और जांजगीर-चांपा जिले के तटीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने शिवरीनारायण पहुंचकर बैराज, पुल, तटीय क्षेत्रों और राहत शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने जलस्तर, बहाव और राहत-बचाव की तैयारियों का जायजा लेकर अधिकारियों को सतत निगरानी के निर्देश दिए।
श्री महंत लालदास महाविद्यालय में बनाए गए राहत शिविर में प्रभावित लोगों के ठहरने, भोजन, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और शौचालय सहित जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी तैनात हैं और नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है।
पुल पर आवागमन बंद
महानदी पुल पर बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से आवागमन बंद कर दिया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस, राजस्व, नगर सेना, जल संसाधन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए संसाधन तैयार रखे गए हैं।
प्रशासन की ओर से तटीय क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की समझाइश दी जा रही है। कलेक्टर-एसपी ने नागरिकों से नदी, घाट और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने तथा बंद किए गए मार्गों पर आवागमन नहीं करने की अपील की है।