रायपुर, 19 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गरबा महोत्सव हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, सामाजिक एकता और मातृशक्ति के सम्मान का प्रतीक है। नवरात्रि का पर्व हमें महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और उनके सशक्तीकरण का संदेश देता है। राज्य सरकार माताओं-बहनों के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री साय सोमवार को राजधानी रायपुर में आयोजित विभिन्न गरबा महोत्सवों और दुर्गा पूजा आयोजनों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए मां आदिशक्ति से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने माना बाजार सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति तथा सार्वजनिक श्री श्री दुर्गा पूजा समिति के पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की निरंतर प्रगति के लिए आशीर्वाद मांगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री हुकुम ललित महल में पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत युवा विंग द्वारा आयोजित ‘रास गरबा विथ भजन डांडिया’, रामबाग में रास गरबा, पचपेड़ी नाका स्थित राम मंगलम लॉन में श्री दशा सोरठिया वाणिक समाज के ‘सोरठी रंग रंगीलो’ नवरात्रि उत्सव तथा शंकर नगर स्थित बीटीआई मैदान में आयोजित ‘संकल्प गरबा’ में शामिल हुए। विभिन्न आयोजनों में पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने गरबा और डांडिया की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गरबा गुजरात की सांस्कृतिक परंपरा से निकलकर आज देशभर में लोकप्रिय हो चुका है। यह मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा और भक्ति की अभिव्यक्ति के साथ ही भारत की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक भी है। हमारे पर्व और उत्सव विभिन्न समाजों, समुदायों और पीढ़ियों को एक सूत्र में जोड़ते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने की प्रेरणा देते हैं।
महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने एक हजार रुपये की सहायता राशि सीधे अंतरित की जा रही है। इससे महिलाएं अपनी जरूरतों के संबंध में स्वयं निर्णय लेने में सक्षम हो रही हैं। योजना का लाभ बच्चों की शिक्षा, घरेलू जरूरतों और परिवार की अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में भी मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के साथ उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। प्रदेश की 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। यह महिलाओं की मेहनत, उद्यमशीलता और सामर्थ्य का प्रमाण है। सरकार स्व-सहायता समूहों और आजीविका गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं के लिए आर्थिक प्रगति के नए अवसर तैयार कर रही है।
देवी शक्तिपीठों का किया जा रहा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की पावन धरती है। मां दंतेश्वरी, मां बम्लेश्वरी, मां महामाया और मां चंद्रहासिनी की उपासना प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। नवरात्रि के दौरान दंतेवाड़ा से डोंगरगढ़ और रतनपुर से चंद्रपुर तक देवी मंदिरों और शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या पहुंचती है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश के प्रमुख देवी शक्तिपीठों और धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और इन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिले। आधुनिक विकास के साथ संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाना सरकार का संकल्प है।
बस्तर में अब गूंज रही खुशहाली के मांदर की थाप : केदार कश्यप
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने प्रदेशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार ने नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई लड़ी है। इसके परिणामस्वरूप बस्तर शांति, विश्वास और विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है।
उन्होंने कहा कि बस्तर में जहां पहले बारूद और बम के धमाकों की आवाज सुनाई देती थी, वहां अब खुशहाली के मांदर की थाप गूंज रही है। क्षेत्र में शांति स्थापित होने के साथ ही समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और लोकजीवन को नई पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री साय ने आयोजन समितियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गरबा और दुर्गा पूजा जैसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मां दुर्गा से प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रमों में कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब, विधायक मोतीलाल साहू, छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, सिंधी समाज के अमित चिमनानी
