रायपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर नशे के खिलाफ जागरूकता और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली-2026 रविवार को रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड से अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई। छत्तीसगढ़ पुलिस के महानिदेशक अरुण देव गौतम ने हरी झंडी दिखाकर ओडिशा पुलिस और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम को रवाना किया। केंद्रीय गृह मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस रैली की थीम ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ रखी गई है।रैली की फ्लैग ऑफ सेरेमनी सुबह 11:30 बजे आयोजित की गई। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित कुमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला, चौथी बटालियन के कमांडेंट सूरज सिंह परिहार, रायपुर ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव, डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला, डीसीपी पश्चिम रॉबिंसन गुड़िया, डीसीपी मध्य तारकेश्वर पटेल, डीसीपी उत्तर दीपमाला कश्यप, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा सहित पुलिस कमिश्नरेट के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
नशामुक्त भारत का संदेश पहुंचा रही रैली
मुख्य अतिथि डीजीपी अरुण देव गौतम ने अपने संबोधन में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने नशे के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान चला रही बाइक रैली की टीम के प्रयासों की सराहना की और कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में होने वाले समापन समारोह के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित कुमार ने नशामुक्त भारत के लक्ष्य को आगामी तीन वर्षों के लिए प्रमुख प्राथमिकता बताते हुए नशे के खिलाफ निरंतर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने रैली के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम को आगे के सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं से नशे की लत से दूर रहने और जागरूक नागरिक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों तक पहुंचेगा संदेश
14 अक्टूबर से शुरू हुई यह राष्ट्रव्यापी रैली कुल 2,245 किलोमीटर की दूरी तय कर 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में संपन्न होगी। रैली को उत्तर, मध्य, दक्षिण और उत्तर-पूर्व सहित चार जोन में विभाजित किया गया है। इसमें विभिन्न राज्यों की पुलिस, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों की भागीदारी है। आयोजन का उद्देश्य देशभर में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करना है।
मध्य जोन में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश शामिल हैं। ओडिशा के भुवनेश्वर से शुरू हुई रैली महासमुंद होते हुए 16 अक्टूबर को रायपुर पहुंची थी। यहां तेलीबांधा मरीन ड्राइव पर छत्तीसगढ़ पुलिस, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने रैली का स्वागत किया। 17 अक्टूबर को ओडिशा और छत्तीसगढ़ पुलिस की बाइक रैली टीमों के सम्मान में अभिनंदन समारोह भी आयोजित किया गया।
बलौदाबाजार, बेमेतरा होते हुए कबीरधाम पहुंचेगी रैली
रायपुर से रवाना होने के बाद रैली बलौदाबाजार-भाटापारा और बेमेतरा होते हुए कबीरधाम पहुंचेगी। इसके बाद रैली मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। वहां जबलपुर, भोपाल और इंदौर होते हुए टीम गुजरात के एकता नगर पहुंचेगी, जहां 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर इसका समापन होगा।
रैली का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना, नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करना है।
