रायपुर।रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सूखे नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 85 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 42.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल महिंद्रा कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 58 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में दो मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं, जबकि एक महासमुंद जिले का निवासी है।
पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को सूचना मिली थी कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के दुर्गा चौक मैदान के पास एक चारपहिया वाहन में गांजा रखकर बिक्री की तैयारी की जा रही है। सूचना पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन की तलाशी ली।
कार की डिक्की में अलग-अलग पैकेटों में कुल 85 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। वाहन में सवार तीन लोगों की पहचान अनीश साहू, राकेश साहू और सूरज कलेत के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बलांगीर से लाकर किसी अन्य व्यक्ति को बेचने के उद्देश्य से ले जाने की बात बताई।
मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के निवासी हैं आरोपी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीश साहू (36), निवासी सागर, मध्यप्रदेश; राकेश साहू (31), निवासी मंडला, मध्यप्रदेश, जो वर्तमान में छत्तीसगढ़ में रह रहा था; और सूरज कलेत (34), निवासी महासमुंद जिले के रूप में की है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 544/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम की धारा 20(बी)(ii)(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सप्लायर और खरीदारों की तलाश में पुलिस
पुलिस अब गांजा उपलब्ध कराने वाले स्रोतों, संभावित खरीदारों और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। जब्त मोबाइल फोन, वाहन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के संपर्कों और गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है।
अब तक 204 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अब तक एनडीपीएस एक्ट के 92 मामलों में कुल 204 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में गांजा, ओशन ग्रो (गांजा), एमडीएमए, कोकीन, हेरोइन, ब्राउन शुगर, अफीम, प्रतिबंधित नशीली गोलियां और सिरप सहित अन्य मादक पदार्थों के साथ नकदी, वाहन, मोबाइल फोन और हथियार जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री की कुल कीमत 7 करोड़ 9 लाख 98 हजार रुपये है।
