रायपुर। राजधानी रायपुर के बोरियाखुर्द स्थित खेल मैदान में मंगलवार, 20 अक्टूबर को पंचम वर्ष भव्य दशहरा सांस्कृतिक महोत्सव एवं रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। दशहरा सांस्कृतिक महोत्सव समिति और क्षेत्रवासियों के संयुक्त सहयोग से होने वाले इस आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। महोत्सव में 45 फीट ऊंचे रावण के साथ 30-30 फीट के कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। वहीं, उज्जैन से आ रहे सुप्रसिद्ध भजन सम्राट सन्नी अलबेला और उनकी टीम की भजन प्रस्तुति कार्यक्रम का विशेष आकर्षण होगी।
समिति के पदाधिकारियों ने प्रेसवार्ता में बताया कि दशहरा महोत्सव का उद्देश्य भारतीय सनातन संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों एवं पर्व के वास्तविक महत्व से परिचित कराना है। दशहरा असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। इस तरह के आयोजन सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सुबह पतंग उत्सव से होगी कार्यक्रम की शुरुआत
महोत्सव के तहत सुबह 10 बजे बच्चों और युवाओं के लिए पतंग उत्सव आयोजित किया जाएगा। दोपहर 4 बजे से सांस्कृतिक नृत्य और योग प्रदर्शन होंगे। शाम 5 बजे भगवान श्रीराम और माता सीता की आरती-पूजन के साथ दीप प्रज्वलन किया जाएगा। इसके बाद शाम 5:30 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम, बच्चों और युवाओं की प्रस्तुतियां तथा रामलीला मंचन होगा।
कार्यक्रम के दौरान विशाल रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके साथ ही आकर्षक आतिशबाजी भी की जाएगी। रात 8 बजे उज्जैन से पधार रहे भजन सम्राट सन्नी अलबेला एवं उनकी टीम द्वारा भव्य भक्तिमय संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी।
सपरिवार शामिल होने की अपील
समिति के अध्यक्ष गजेंद्र तिवारी सहित लच्छूराम निषाद, स्थानीय वार्ड पार्षद सुषमा तिलक साहू, ऋषि साहू, गोपाल साहू, रमेश नंदे, रुद्रकुमार साहू, द्विजराम साहू, कोमल साहू, रामजी साहू, जे.के. विश्वकर्मा, रोशनलाल साहू, फलेश्वर साहू, जगदीश सोनी और दूज राम साहू सहित अन्य पदाधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों ने मीडिया प्रतिनिधियों, बच्चों, युवाओं, माताओं-बहनों और वरिष्ठ नागरिकों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। समिति ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों से सहभागिता निभाने का आग्रह किया है।
