रायपुर, 27 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम लामकन्हार स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी का श्रवण किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान की सराहना किए जाने पर मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में जनभागीदारी से हो रहे सकारात्मक बदलावों और नवाचारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करते हैं। छत्तीसगढ़ के प्रयासों का लगातार उल्लेख प्रदेशवासियों के परिश्रम और सहभागिता का सम्मान है। इससे स्थानीय नवाचारों को पहचान मिलने के साथ लोगों को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा भी मिलती है।
उन्होंने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से अपने घरों में मुनगा का पौधा लगाने तथा इसके पोषण लाभों के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुनगा कुपोषण के खिलाफ लड़ाई में उपयोगी है और इसके पत्ते, फल व फूल भोजन में उपयोग किए जाते हैं।
मन की बात में छत्तीसगढ़ के नवाचारों की चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम में पोषण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और ‘वोकल फॉर लोकल’ सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने सितंबर को पोषण माह के रूप में रेखांकित करते हुए छत्तीसगढ़ के महिला एवं बाल विकास विभाग के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इससे पहले ‘मन की बात’ में बस्तर पंडुम, बस्तर ओलंपिक, मल्हार में मिले ऐतिहासिक ताम्रपत्र और कोरिया जिले के ‘5 प्रतिशत जल संचय मॉडल’ जैसे छत्तीसगढ़ के प्रयासों की भी चर्चा हो चुकी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जरूरत और जनभागीदारी से किए गए ऐसे छोटे प्रयास व्यापक बदलाव का आधार बन सकते हैं।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र अब विकास की राह पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के साथ कांकेर का क्षेत्र भी लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा है। सुरक्षा बलों के साहस, स्थानीय जनता के सहयोग और केंद्र व राज्य सरकार के प्रयासों से क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी भय और असुरक्षा का माहौल था, वहां अब विकास और रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, संचार और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
लामकन्हार को 85 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री साय ने ग्राम लामकन्हार में शिक्षा, अधोसंरचना और सामुदायिक सुविधाओं के लिए कुल 85 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें शीतला मंदिर के पास सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपये, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भवन के लिए 37 लाख रुपये, छोटे पारा में सीसी रोड के लिए 18 लाख रुपये तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला के लिए 15 लाख रुपये शामिल हैं।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाया अमरूद का पौधा
‘मन की बात’ के बाद मुख्यमंत्री ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अमरूद का पौधा लगाया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग, अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।