रायपुर। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के निजीकरण को लेकर जारी बयानबाजी के बीच भाजपा की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) और भिलाई इस्पात संयंत्र के निजीकरण को लेकर केंद्र सरकार की कोई नीति या मंशा नहीं है। सेल प्रबंधन की ओर से भी इस संबंध में स्पष्टीकरण दिया जा चुका है। ऐसे में बीएसपी के कर्मचारियों और उनके परिवारों को किसी तरह के भ्रम या भय में आने की जरूरत नहीं है।
लक्ष्मी वर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस आगामी नगरीय निकाय चुनाव में राजनीतिक लाभ लेने के लिए बीएसपी के निजीकरण को लेकर भ्रामक प्रचार कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से सत्ता से बाहर रहने के कारण कांग्रेस झूठ और भ्रम की राजनीति का सहारा ले रही है, ताकि जनता को गुमराह कर चुनावी लाभ हासिल किया जा सके।
कर्मचारियों के हितों से समझौता नहीं होगा
भाजपा सांसद ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र छत्तीसगढ़ का गौरव और पहचान है। यह देश की औद्योगिक ताकत का प्रतीक होने के साथ ही मिनी भारत की तस्वीर प्रस्तुत करता है। संयंत्र के कर्मचारियों और उनके परिवारों के हितों को लेकर किसी तरह की आशंका पालने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सुविधाओं और हितों को सुरक्षित रखना जरूरी है।
अफवाह फैलाने वालों पर एफआईआर की मांग
लक्ष्मी वर्मा ने सेल प्रबंध
और केंद्रीय इस्पात मंत्रालय से मांग की कि प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों के संबंध में बिना तथ्य और प्रमाण के अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के पास निजीकरण से संबंधित कोई ठोस और प्रामाणिक जानकारी है, तो उसे सार्वजनिक करना चाहिए। केवल सोशल मीडिया पोस्ट और बयानों के जरिए लोगों को भ्रमित करना उचित नहीं है।
उन्होंने जनसंघ के संस्थापक और तत्कालीन उद्योग मंत्री डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में औद्योगिक विकास की नींव रखने और श्रमिकों के हितों को प्राथमिकता देने की सोच के अनुरूप भिलाई इस्पात संयंत्र की स्थापना हुई थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ काम कर रही है।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पांडेय और डॉ. किरण बघेल, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी तथा प्रदेश महामंत्री शीतल नायक उपस्थित रहीं।
