रायपुर। छत्तीसगढ़ के रेल इतिहास में 20 अक्टूबर का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में ताड़ोकी-रावघाट और अभनपुर-कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का उद्घाटन किया जाएगा। इस दौरान रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद यात्री रेल सेवाओं का शुभारंभ होगा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रावघाट तक रेल पहुंचने से बस्तर अंचल में विकास, रोजगार, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। दल्लीराजहरा से रावघाट तक करीब 1,628 करोड़ रुपये की लागत से 95 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बनाई गई है। वहीं, अभनपुर से कुरूद तक 22 किलोमीटर रेल लाइन का गेज परिवर्तन कार्य पूरा हो चुका है।
कार्यक्रम में रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास भी किया जाएगा। इसकी क्षमता भविष्य में 300 इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक आधुनिक रेल सुविधाएं पहुंच रही हैं।