रायपुर, 18 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में लघु उद्योग भारती द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026’ का शुभारंभ किया। मेले में देशभर के 300 से अधिक एमएसएमई उद्यमी हिस्सा ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ पारंपरिक उद्योगों के साथ आईटी, सेमीकंडक्टर, फार्मा, टेक्सटाइल और ग्रीन एनर्जी जैसे उभरते क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के माध्यम से निवेश प्रक्रिया को सरल बनाया जा रहा है और निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि खनिज, ऊर्जा, वन संपदा और मानव संसाधन छत्तीसगढ़ की ताकत हैं। स्थानीय संसाधनों के वैल्यू एडिशन और युवाओं के रोजगार को औद्योगिक विकास का आधार बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने मेले के स्टॉलों का अवलोकन कर उद्यमियों से उनके उत्पादों और नवाचारों की जानकारी ली।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन सहित लघु उद्योग भारती के पदाधिकारी और देशभर से आए उद्यमी उपस्थित रहे।