रायपुर, 8 सितंबर 2026। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चाकूबाजों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और अतिरिक्त डीसीपी विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में प्रशिक्षु डीएसपी अमित कोसमा के नेतृत्व में गोलबाजार, गंज और मौदहापारा थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग और विजिबल पुलिसिंग की गई।
अभियान के दौरान 7 और 8 सितंबर को पुलिस ने आर्म्स एक्ट के पांच अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
गंज थाना पुलिस की कार्रवाई में नितेश सोनी (19), निवासी राजीव आवास, गोलबाजार और अशोक भाण्डेकर (40), निवासी कमाशीपारा, गोलबाजार को गिरफ्तार किया गया। नितेश के कब्जे से तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे और अशोक के कब्जे से नहरपारा आम रोड क्षेत्र में धारदार चाकू बरामद किया गया।
मौदहापारा थाना पुलिस ने धन्नू साहू (20), निवासी रामेश्वर नगर, खमतराई, रविन्द्र साठे (40), निवासी सन्यासीपारा, खमतराई और मनोज यादव (34), निवासी रावांभाठा आदर्शपारा, खमतराई को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से क्रमश: ताज चौक-मेकाहारा अस्पताल रोड, मेकाहारा अस्पताल एम्बुलेंस स्टैंड और सुलभ के पास से धारदार चाकू बरामद किए गए।
लिस्टेड गुंडा-बदमाशों की भी ली गई परेड
अभियान के तहत पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय गुंडे-बदमाशों और आपराधिक तत्वों की भी सघन चेकिंग की। प्रशिक्षु डीएसपी अमित कोसमा ने थाना गोलबाजार में क्षेत्र के लिस्टेड गुंडा-बदमाशों को तलब कर उनकी वर्तमान गतिविधियों और आचरण की जानकारी ली। उन्हें अपराध से दूर रहने की सख्त समझाइश भी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सेंट्रल जोन में विजिबल पुलिसिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और आपराधिक तत्वों की धरपकड़ का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।