रायपुर। राजधानी में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान तेलीबांधा, टाटीबंध, हीरापुर और सिलतरा क्षेत्र में यातायात बाधित करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुछ वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाया, वहीं संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान सहित वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और डीसीपी ट्रैफिक एंड प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत तेलीबांधा क्षेत्र में करेंसी टावर और एरीना होटल के सामने सर्विस रोड पर नो पार्किंग में खड़े दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को निशाने पर लिया गया। इन वाहनों के कारण यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही थी, जिसके चलते पुलिस ने क्रेन की सहायता से उन्हें हटवाया।
इसी तरह टाटीबंध क्षेत्र, हीरापुर रिंग रोड नंबर-2 और सिलतरा बाईपास स्थित रिंग रोड नंबर-4 पर भी नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कार्रवाई से पहले यातायात पुलिस ने अनाउंसमेंट के माध्यम से वाहन चालकों को अपने वाहन हटाने के लिए सूचित किया और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी। इसके बावजूद नो पार्किंग में वाहन खड़े पाए जाने पर ई-चालान एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई।
सर्विस रोड पर पार्किंग से बढ़ता है दुर्घटना का खतरा
यातायात पुलिस के अनुसार, नो पार्किंग में वाहन खड़े करने से सड़क की उपलब्ध चौड़ाई कम हो जाती है। इससे यातायात का दबाव बढ़ने के साथ आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती है। विशेषकर सर्विस रोड और मुख्य मार्गों पर अनधिकृत पार्किंग से जाम की स्थिति बनने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध ई-चालान, क्रेन से वाहन हटाने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करने की अपील
रायपुर यातायात पुलिस ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। नो पार्किंग क्षेत्र, सर्विस रोड और मुख्य मार्गों पर वाहन खड़ा करने से बचें तथा यातायात नियमों का पालन करें, ताकि शहर में आवागमन सुचारु और सुरक्षित बना रहे।
