रायपुर। नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 177 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की। 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए अभियान के दौरान पांच थानों की पुलिस ने विभिन्न प्रतिबंधात्मक धाराओं और अधिनियमों के तहत कुल 149 प्रकरण दर्ज किए।
पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडे के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। सहायक पुलिस आयुक्त पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में थाना खमतराई, गुढ़ियारी, उरला, पंडरी और खम्हारडीह की पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी गई। इस दौरान प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत 120 प्रकरणों में 143 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इनमें धारा 170 बीएनएसएस के तहत 57 प्रकरणों में 68 व्यक्ति तथा धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत 63 प्रकरणों में 75 व्यक्ति शामिल हैं।
इसके अलावा आबकारी अधिनियम के तहत 20 प्रकरणों में 20 व्यक्तियों, आर्म्स एक्ट के तहत सात प्रकरणों में सात व्यक्तियों और जुआ एक्ट के तहत दो प्रकरणों में सात व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस तरह दस दिनों के दौरान कुल 149 प्रकरणों में 177 व्यक्तियों पर कानूनी कार्रवाई की गई।
नॉर्थ जोन पुलिस ने नागरिकों से त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध या अवांछित गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है।