रायपुर, 23 अक्टूबर। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत हितग्राहियों से राशि लेने के बावजूद मकान का निर्माण पूरा नहीं करने और पैसे वापस नहीं लौटाने के मामले में कबीरधाम जिले में एक और ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। बोड़ला विकासखंड के ग्राम दुलदुला निवासी ठेकेदार शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान के विरुद्ध चिल्फी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में तीन हितग्राहियों से कुल 2 लाख 40 हजार रुपये लेने और आवास निर्माण पूरा नहीं करने का आरोप है।
उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के निर्देश पर हितग्राहियों की शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले भी प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के निर्माण में अनियमितता और राशि लेकर काम पूरा नहीं करने के आरोप में दो ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। इस तरह जिले में अब तक तीन ठेकेदारों के विरुद्ध मामले दर्ज हुए हैं।
तीन हितग्राहियों से राशि लेने का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम दुलदुला, ग्राम पंचायत बेंदा के हितग्राही राजिम धुर्वे, उनके बड़े भाई सोनेलाल धुर्वे और पड़ोसी छिरवैया धुर्वे के नाम पर प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत हुए थे। आरोप है कि पूर्व सरपंच के पति शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान ने आवास निर्माण का ठेका लिया और हितग्राहियों से राशि प्राप्त की, लेकिन निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया।
शिकायत के मुताबिक, पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपये मिलने के बाद ठेकेदार ने निर्माण की जिम्मेदारी ली। इसके बाद दूसरी किस्त की 60 हजार रुपये की राशि भी उसे नकद दी गई। हितग्राहियों का आरोप है कि राशि लेने के बावजूद मकान पूरे नहीं किए गए और पैसे वापस मांगने पर भी नहीं लौटाए गए। तीनों हितग्राहियों से 80-80 हजार रुपये, कुल 2 लाख 40 हजार रुपये लेने की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। अब तक 7.49 लाख रुपये की कथित ठगी के मामले
प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत मकान निर्माण के नाम पर हितग्राहियों से कथित धोखाधड़ी के अन्य मामले भी सामने आए हैं। ग्राम आमानारा के हितग्राही बैसाखू बैगा की शिकायत पर ठेकेदार तुमेश गोड़ के खिलाफ तरेगांव जंगल थाने में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, ग्राम राजाढ़ार के देवसिंह की शिकायत पर ठेकेदार कुमार मेरावी के विरुद्ध चिल्फी थाने में एफआईआर दर्ज हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन तीनों मामलों में कुल 7 लाख 49 हजार रुपये की कथित ठगी का आरोप है। पुलिस मामलों की जांच कर रही है।
जरूरतमंद परिवारों को आवास दिलाना सरकार की प्राथमिकता : विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी जरूरतमंद परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विशेष रूप से दूरस्थ वनांचलों में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए प्राथमिकता से काम किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवास निर्माण के नाम पर हितग्राहियों से धोखाधड़ी करने और उनकी राशि का दुरुपयोग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।