रायपुर। राजधानी रायपुर में ई-रिक्शा से बैटरियां चोरी करने के मामले में आजाद चौक पुलिस ने तेलीबांधा थाने के हिस्ट्रीशीटर राजा मेघानी (38) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक्साइड कंपनी की चोरी की चार बैटरियां और वारदात में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने थाना आजाद चौक में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 अक्टूबर 2026 को उसके दो ई-रिक्शा क्रमांक CG 04 PC 2368 और CG 04 PJ 9147 से अज्ञात व्यक्ति ने कुल चार बैटरियां चोरी कर ली थीं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 266/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(सी) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की जांच के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रार्थी से पूछताछ की। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए मुखबिरों की भी मदद ली गई।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और जानकारी के आधार पर पुलिस ने तेलीबांधा थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर राजा मेघानी को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की चार बैटरियां और घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा क्रमांक CG 04 PF 8961 जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी राजा मेघानी पिता मोहनलाल मेघानी (38 वर्ष), निवासी काशीराम नगर, धोबी गली, थाना तेलीबांधा, रायपुर है। मामले में पुलिस ने आगे की वैधानिक कार्रवाई की है।