रायपुर, 8 सितंबर 2026। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर स्थित न्यू नंदी ज्वेलर्स में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में दो आरोपियों संजय चौहान (30) और होरी लाल पंकज (36) सहित विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक 31 अगस्त की रात दुकान का ताला तोड़कर चांदी के जेवरात, सिक्के, कटोरी, चम्मच और गिलास चोरी किए गए थे। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर संजय चौहान को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने साथी के साथ चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का चांदी का सामान और वारदात में प्रयुक्त मेस्ट्रो वाहन समेत करीब 4.50 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। आरोपी संजय चौहान के खिलाफ पहले भी चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं, जबकि होरी लाल पंकज के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज है।
