रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के सेवा और समर्पण के भाव को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही युवाओं और आम नागरिकों को सेवा, रचनात्मकता और नवाचार से जोड़ने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा सांसद एवं भाजपा प्रकोष्ठ संकुल के राष्ट्रीय संयोजक वी.डी. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूरा राजनीतिक जीवन जनसेवा को समर्पित रहा है। उन्होंने राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य किया और उनके नेतृत्व में देश विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की वैश्विक छवि को नई ऊंचाई दी है और आज दुनिया की निगाहें भारत पर टिकी हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सेवा चित्र’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘सेवा स्मरण’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘वडनगर से वाराणसी जल जन एवं सेवा संकल्प यात्रा’ सहित कई कार्यक्रम होंगे। वहीं ‘सेवा में मेरा योगदान’ के तहत 25 सेवा गतिविधियां, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
25 वर्ष पूरे होने पर विशेष अभियान
भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि पार्टी हर वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को सेवा पखवाड़ा आयोजित करती है। इस वर्ष विशेष अवसर है कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद आगामी 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी के मद्देनजर इस बार एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है।
युवाओं से सेवा कार्यों की रील बनाने की अपील
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि अभियान में ‘सेवा में मेरा योगदान’ कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि अभियान के दौरान किए जाने वाले सेवा कार्यों की रील बनाकर साझा करें, ताकि वे अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का माध्यम बन सकें।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से सरकार की योजनाओं और वास्तविक लाभार्थियों के बीच प्रभावी सेतु बनाने का प्रयास किया जाएगा।
गरीब कल्याण पर रहेगा जोर
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सेवा संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक यशवंत जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की राजनीतिक यात्रा को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनता तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन सेवा और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है तथा मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनकी योजनाओं का उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना रहा है।
स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए इनोवेशन चैलेंज
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकटेश्वर ने बताया कि युवाओं की प्रतिभा और नवाचार क्षमता को बढ़ावा देने के लिए ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा। इसमें युवाओं को अपने स्थानीय क्षेत्रों की समस्याओं की पहचान कर रिसर्च और इनोवेशन के माध्यम से उनके समाधान प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने किया। बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी सहित सेवा संकल्प अभियान के 13 कार्यक्रमों के संयोजक, सह-संयोजक और सदस्य उपस्थित रहे।
