रायपुर, 9 सितंबर 2026। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में हॉर्न बजाने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू और लोहे की रॉड से हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में घायल युवक का उपचार जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर की रात करीब 10 बजे प्रार्थी रिषभ शर्मा का कुमार उर्फ राजू बंछोर और उसके साथियों से हॉर्न बजाने की बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए रिषभ के साथ मारपीट की। इसी दौरान उस पर चाकू से वार किया गया तथा सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। हमले में रिषभ घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी और अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुमार बंछोर उर्फ राजू, केवल बघेल और अमन नायक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
कुमार बंछोर उर्फ राजू (30 वर्ष) — बीएसयूपी कॉलोनी, भाठागांव, रायपुर
केवल बघेल (20 वर्ष) — बैरन बाजार, रायपुर
अमन नायक (21 वर्ष) — बीएसयूपी कॉलोनी, भाठागांव, रायपुर
