रायपुर, 8 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राजनांदगांव में गेल (इंडिया) लिमिटेड का प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति देगा। परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ने के साथ सहायक उद्योगों और व्यावसायिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
मुख्यमंत्री साय ने मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके रायपुर स्थित निवास पर आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राजनांदगांव में प्रस्तावित फर्टिलाइजर प्लांट, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 सहित प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फर्टिलाइजर प्लांट से राजनांदगांव और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होगा। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और निवेश को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नई संभावनाओं वाले उद्योगों के विस्तार के साथ आधुनिक तकनीक और उच्च मूल्य आधारित विनिर्माण को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 को प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आधुनिक विनिर्माण के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में बड़े औद्योगिक निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं।
साय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में आने वाले निवेश को स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, क्षेत्रीय विकास और आर्थिक समृद्धि का माध्यम बनाना है। राजनांदगांव की प्रस्तावित फर्टिलाइजर परियोजना भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
