शेख आबिद

राजधानी में भारत और न्यूजीलैंड के बीच 23 जनवरी को होने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। खासकर युवाओं में मैच को लेकर जबरदस्त क्रेज है। दिसंबर में हुए एक दिवसीय मुकाबले के दौरान जिस तरह का जोश देखने को मिला था, उससे कहीं अधिक उत्साह इस बार टी-20 मैच को लेकर नजर आ रहा है। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या की जोड़ी मैदान पर धमाल मचाएगी।
इस बार टिकट व्यवस्था को लेकर भी लोगों में संतोष दिखाई दे रहा है। पिछली बार मैच के दौरान टिकट को लेकर अव्यवस्था और निराशा का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार अधिकांश क्रिकेट प्रेमियों को आसानी से टिकट मिल गए। टिकट मिलने के बाद युवाओं में खुशी साफ झलक रही है और मैच को लेकर गिनती शुरू हो चुकी है।