रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और युवा शक्ति ही विकसित एवं सशक्त भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत बनेगी। वे बुधवार को सड्डू में न्यूज 24 और लल्लूराम डॉट कॉम द्वारा आयोजित ‘जेन नेक्स्ट संवाद’ कार्यक्रम में जेन-जी और जेन-अल्फा के विद्यार्थियों से रूबरू हुए।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से बड़े सपने देखने, अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य तय करने और मेहनत व समर्पण के साथ उसे हासिल करने का आह्वान किया। उन्होंने अपने बचपन और संघर्षों का अनुभव साझा करते हुए बताया कि छोटे से गांव से सरपंच बनने के बाद विधायक, सांसद, केंद्रीय राज्यमंत्री और मुख्यमंत्री तक का सफर तय किया।
विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए सीएम ने शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, जल संरक्षण और छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि युवाओं को समय की कीमत समझकर उसका सदुपयोग करना चाहिए। जल संरक्षण पर उन्होंने ‘जल है तो कल है’ का संदेश देते हुए वर्षा जल संचयन को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
सीएम ने बताया कि प्रदेश में 17 प्रयास विद्यालय संचालित हैं और पीएमश्री योजना के तहत 341 स्कूलों में आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के जरिए शिक्षा को संस्कार, कौशल और रोजगार से जोड़ा जा रहा है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाले युवाओं को सम्मानित किया और उनके साथ भक्ति गीतों का आनंद लिया।