रायपुर। आगामी गरबा आयोजनों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर रायपुर कमिश्नरेट के मध्य जोन डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने आयोजकों की बैठक ली। बैठक में आयोजन से जुड़ी सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई।
डीसीपी ने आयोजकों को पुलिस द्वारा जारी अनुमति पत्र की सभी शर्तों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए। आयोजनों में निर्धारित समय और ध्वनि सीमा का पालन, प्रवेश-निकास व आपातकालीन मार्ग सुचारू रखने, पर्याप्त CCTV कैमरे लगाने तथा पुरुष और महिला वालंटियर व सुरक्षा गार्ड तैनात करने को कहा गया।
आयोजन स्थल पर अग्निशमन उपकरण, प्राथमिक चिकित्सा और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करने तथा क्षमता से अधिक लोगों को प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिए गए। हथियार, ज्वलनशील, मादक पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर रोक रहेगी।
पुलिस ने आयोजकों को अश्लील, आपत्तिजनक, भड़काऊ या साम्प्रदायिक सद्भाव प्रभावित करने वाली गतिविधियों से बचने के निर्देश दिए। किसी अप्रिय घटना, भगदड़ या आगजनी की स्थिति में तत्काल पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को सूचना देने को कहा गया।
डीसीपी ने आयोजन के दौरान कम से कम दो जिम्मेदार पदाधिकारियों की मौके पर मौजूदगी और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अनुमति की शर्तों का उल्लंघन होने पर अनुमति निरस्त करने के साथ नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। आयोजकों ने सभी निर्देशों का पालन करने और पुलिस-प्रशासन को सहयोग देने पर सहमति जताई।
