रायपुर, 9 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत का सपना साकार होगा। युवाओं को अपने ज्ञान, कौशल और नवीन विचारों का उपयोग जनकल्याण तथा प्रदेश के विकास में करना चाहिए। मुख्यमंत्री शुक्रवार को अपने निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप के द्वितीय बैच के 36 युवा प्रतिभागियों से संवाद कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने अपने छात्र जीवन, संघर्ष और जनसेवा के अनुभव साझा करते हुए कहा कि हर जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभानी चाहिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप के तहत युवा आईआईएम रायपुर में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे और जिलों में मैदानी अनुभव के माध्यम से सरकारी योजनाओं तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझेंगे।
साय ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, कौशल विकास, आधुनिक तकनीक और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दे रही है। उन्होंने बताया कि पिछले लगभग ढाई वर्षों में 700 से अधिक रोजगार मेलों के माध्यम से करीब 24 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। वहीं, एआई मिशन के तहत छह लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की शिक्षा देने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारकर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। उन्होंने युवा फेलो को स्थानीय समस्याओं को समझने, व्यावहारिक सुझाव देने और जनसेवाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।
सुशासन एवं अभिसरण विभाग के सचिव राहुल भगत ने बताया कि दो वर्षीय फेलोशिप में पांच माह का प्रशिक्षण और 19 माह का मैदानी अनुभव शामिल है। कार्यक्रम में आईआईएम रायपुर के निदेशक प्रोफेसर संजीव पराशर, उप सचिव सूरज साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।