रायपुर, 9 अक्टूबर 2026 राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने 14.73 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स के साथ दो महिलाओं और एक ट्रांसजेंडर को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 1 लाख 47 हजार 300 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ खम्हारडीह थाने में अपराध क्रमांक 405/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि खम्हारडीह थाना क्षेत्र के शंकर नगर के पास स्थित रेमेडी सैलून एवं वेलनेस सेंटर में कुछ महिलाएं एमडीएमए ड्रग्स की बिक्री कर रही हैं। सूचना मिलने पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक रजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप ने अधीनस्थ अधिकारियों को सूचना की तस्दीक कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने बताए गए सैलून में दबिश दी। इस दौरान वहां दो महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर मिले। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान आशा नायक, कृष्णा तिवारी और हेमंत थापा के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एमडीएमए ड्रग्स बरामद हुआ।
पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर 14.73 ग्राम एमडीएमए जब्त किया। जब्त मादक पदार्थ की कीमत लगभग 1,47,300 रुपये बताई गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम और पते
- आशा नायक (27 वर्ष) पिता मदनलाल नायक, निवासी घड़ी चौक, सुपेला संडे मार्केट, दुर्ग।
- कृष्णा तिवारी (29 वर्ष)पति शुभम तिवारी, निवासी बालाजी हॉस्पिटल, रामकृष्ण बिल्डिंग, कमरा नंबर 108, मोवा, थाना पंडरी, रायपुर।
- हेमंत थापा (36 वर्ष), पिता स्वर्गीय यू.बी. थापा, निवासी अवंती विहार, जगन्नाथ मंदिर के पास, थाना खम्हारडीह, रायपुर (ट्रांसजेंडर)।
ड्रग्स नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर एमडीएमए की सप्लाई के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर जांच की जाएगी, ताकि नशे की आपूर्ति करने वालों से लेकर इसे खरीदने और आगे बेचने वालों तक पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
