रायपुर, 9 अक्टूबर 2026।राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में तीन साल तीन माह की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी परमानंद ध्रुव (35) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर को पीड़िता के परिजन ने आमानाका थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि तीन साल तीन माह की बच्ची अपने पूर्व परिचित पड़ोसी परमानंद ध्रुव के घर खेलने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की और उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 340/26 के तहत बीएनएस की धारा 65(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी परमानंद ध्रुव, पिता घूरा ध्रुव, उम्र 35 वर्ष, आमानाका थाना क्षेत्र, रायपुर।
