रायपुर। पत्रकारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए सोमवार को रायपुर प्रेस क्लब में विशेष नेत्र स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। रायपुर प्रेस क्लब एवं इंटरनेशनल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन (MISO), रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में पत्रकारों ने आंखों की जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
शिविर के दौरान MISO की अत्याधुनिक वातानुकूलित एम्बुलेंस में पत्रकारों की आंखों की विस्तृत जांच की गई। दृष्टि संबंधी समस्याएं पाए जाने पर चिकित्सकीय सलाह के साथ नंबर वाले चश्मे, दवाइयां और आगे के उपचार की जानकारी दी गई। आवश्यकतानुसार निःशुल्क चश्मे एवं दवाइयों के वितरण की व्यवस्था भी की गई। वहीं, मोतियाबिंद पाए जाने वाले मरीजों के लिए संस्था की ओर से निःशुल्क ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।
चिकित्सा टीम ने दी सेवाएं
शिविर में डॉ. सुशील सचदेवा, संजय शर्मा, डॉ. अनुराधा और डॉ. शिवम सहित चिकित्सा टीम ने सेवाएं दीं। इसके अलावा डॉ. राजेंद्र यादव, अमित गोस्वामी, दीपक साहू, रूपेश निर्मलकर और प्रीति पैकरा ने जांच एवं व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यादव, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। निशक्तजन आयोग के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त लोकेश कांवड़िया, वरिष्ठ पत्रकारों और प्रेस क्लब के कार्यकारिणी सदस्यों समेत बड़ी संख्या में पत्रकारों ने सहभागिता की।
स्वास्थ्य जांच जरूरी : मोहन तिवारी
रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि पत्रकार दिन-रात अपने दायित्वों के निर्वहन में जुटे रहते हैं। लगातार स्क्रीन पर काम करने, फील्ड रिपोर्टिंग और अनियमित कार्य समय के बीच स्वास्थ्य की नियमित जांच बेहद जरूरी है। प्रेस क्लब द्वारा पत्रकारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण से जुड़े ऐसे आयोजनों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने नेत्र स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के आयोजन के लिए MISO की चिकित्सा टीम और सहयोगी संस्था का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार कल्याण के क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रयास प्रेस क्लब की प्राथमिकताओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।