रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर नगदी रकम चोरी करने वाले आरोपी को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल निरुद्ध रह चुका है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की नगदी रकम बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मठपुरैना टिकरापारा निवासी प्रेम सोनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 1-2 मई 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोर उसके सूने मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसा और कमरे में रखी आलमारी का ताला तोड़कर नगदी रकम चोरी कर ले गया। शिकायत पर थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 376/26 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम ने घटना के संबंध में प्रार्थी और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही मुखबिरों को सक्रिय कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपी की तलाश की जा रही थी।
जांच के दौरान पुलिस ने घटना में संलिप्त संतोषी नगर टिकरापारा निवासी असवंत निषाद (26) की पहचान की और उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की नगदी रकम जब्त कर ली।
वर्ष 2024 में भी चोरी के मामले में जा चुका है जेल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी असवंत निषाद वर्ष 2024 में भी थाना टिकरापारा के चोरी के एक प्रकरण में जेल निरुद्ध रह चुका है।
गिरफ्तार आरोपी: असवंत निषाद, पिता गेंदराम निषाद, उम्र 26 वर्ष, निवासी शिव कबाड़ी के पीछे, संतोषी नगर, थाना टिकरापारा, रायपुर।