रायपुर, 21 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक-संस्कृति और पारंपरिक तिहारों की मिठास को सहेजने के उद्देश्य से नवा रायपुर के अटल नगर में 22 सितंबर को भव्य तीज मिलन उत्सव का आयोजन किया जाएगा। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की मेजबानी में होने वाले इस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष रूप से शामिल होंगे।
कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक एम-12, सेक्टर-24, अटल नगर, नवा रायपुर में किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अपनी धर्मपत्नी वीणा सिंह तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय के साथ उत्सव में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा प्रदेश के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
परंपराओं और छत्तीसगढ़िया संस्कृति का होगा संगम
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व केवल धार्मिक और सांस्कृतिक अनुष्ठान नहीं हैं, बल्कि आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक समरसता की मजबूत बुनियाद भी हैं। तीज मिलन उत्सव का उद्देश्य छत्तीसगढ़िया संस्कृति और समृद्ध परंपराओं की मिठास को साझा करना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है। आयोजन में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों, लोक-संस्कृति के रंगों और तीजा पर्व के आत्मीय अनुष्ठानों का संगम देखने को मिलेगा। यह उत्सव प्रदेश की लोक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में एक विशेष पहल के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
