राजधानी में गणेशोत्सव समितियों और स्वयंसेवकों का सम्मान समारोह, अनुशासन व सामाजिक समरसता बनाए रखने का दिया संदेश
रायपुर, 21 सितंबर 2026। पुरानी बस्ती स्थित अग्रसेन भवन में सोमवार को गणेशोत्सव समिति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने राजधानी में गणेशोत्सव आयोजित करने वाली समितियों, पदाधिकारियों और व्यवस्था संभालने वाले स्वयंसेवकों का सम्मान किया। उन्होंने आयोजन में योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं की मेहनत और सेवाभाव की सराहना की।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान समाज को संगठित करने के उद्देश्य से सार्वजनिक गणेशोत्सव की शुरुआत की थी। आज भी गणेशोत्सव मोहल्लों, कॉलोनियों और समाज को एकजुट करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस पर्व में बच्चे, बुजुर्ग और युवा एक साथ पूजा-अर्चना में शामिल होते हैं, जिससे आपसी मेलजोल और भाईचारा बढ़ता है।
युवाओं से अनुशासन बनाए रखने की अपील
सांसद ने युवाओं से उत्सव के दौरान उल्लास के साथ व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मौज-मस्ती के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी को परेशानी न हो। पंडालों और विसर्जन के दौरान धक्का-मुक्की, हुड़दंग या महिलाओं और बालिकाओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
झांकियों से नई पीढ़ी को मिल रहे संस्कार
गणेशोत्सव की झांकियों और प्रतिमाओं का उल्लेख करते हुए अग्रवाल ने कहा कि समितियां श्रवण कुमार, हनुमान जी और अन्य पौराणिक कथाओं पर आधारित झांकियां तैयार कर रही हैं। इनके माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति, धर्म और इतिहास की जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि झांकियां नई पीढ़ी को वेद, पुराण, रामायण, महाभारत और गीता जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक ग्रंथों से जोड़ने का माध्यम बन रही हैं।
सांसद ने आयोजन को सफल बनाने के लिए जोन अध्यक्ष एवं पार्षद अंबर अग्रवाल, भाजयुमो जिला मंत्री श्लोक शर्मा, समाजसेवी विशाल खंडेलवाल, सुरेश शर्मा सहित पूरी टीम को बधाई दी। समारोह में गणेशोत्सव समितियों और सक्रिय स्वयंसेवकों का सम्मान किया गया।