रायपुर। आजाद चौक में विवाद के बाद कार का पीछा कर बैरन बाजार क्षेत्र में पत्थर मारकर कार का पिछला कांच तोड़ने वाले दो युवकों को सिटी कोतवाली पुलिस ने घटना के महज एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे प्रार्थी प्रीतम सिंह अपने परिवार के साथ गणेश पंडाल देखने और घूमने निकले थे। इसी दौरान आजाद चौक के पास उनका दो युवकों से विवाद हो गया। मौके पर पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को समझाइश दी, जिसके बाद विवाद शांत हो गया।
इसके बाद प्रीतम सिंह अपने परिवार के साथ कार से आगे बढ़ गए। आरोप है कि दोनों युवक कार का पीछा करते हुए बैरन बाजार क्षेत्र तक पहुंचे और मौका पाकर कार के पीछे के कांच पर पत्थर मार दिया। इससे कार का कांच टूट गया। घटना के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर से हुई पहचान
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और घटना में प्रयुक्त वाहन के नंबर के आधार पर दोनों युवकों की पहचान की। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को महज एक घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष यादव (19), पिता स्व. अरुण यादव, निवासी पंकज गार्डन के पास, खो-खो पारा, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर और आदित्य सिंह ठाकुर (22), पिता प्रताप सिंह ठाकुर, निवासी पंकज गार्डन के पास, खो-खो पारा, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने प्रकरण में अपराध क्रमांक 385/2026 के तहत धारा 296, 125, 324(1), 3(5) बीएनएस में कार्रवाई की है। दोनों युवकों के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
पुलिस ने कहा कि लोकशांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर विवाद, हंगामा एवं अशांति उत्पन्न करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
