‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ थीम पर आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, विजेताओं को बांटे प्रमाण पत्र
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 19 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न संकुलों में ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ थीम पर चित्रकला, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा और विचारों को प्रस्तुत किया। नेवसा में संकुल स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन
विकासखंड गौरेला के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवसा में संकुल स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें संकुल केंद्र नेवसा के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जनपद पंचायत अध्यक्ष शिवनाथ बघेल, सरपंच समरिया नागेश, पूर्व जनपद अध्यक्ष ममता पैकरा, पूर्व सरपंच दीनदयाल नागेश और शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष अनीता यादव सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।
पूर्व माध्यमिक एवं माध्यमिक स्तर की भाषण प्रतियोगिता में करण ने प्रथम, देवानंद ने द्वितीय और रीता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में पार्वती प्रथम, नेहा सारीवान द्वितीय और वीरेंद्र तृतीय रहे।
हायर सेकेंडरी स्तर की भाषण प्रतियोगिता में साक्षी यादव ने प्रथम, आयुषी विश्वकर्मा ने द्वितीय और शिवानी ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसी स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में विकास कुमार प्रथम, अमित धुर्वे द्वितीय और पुष्पा परस्ते तृतीय स्थान पर रहीं।
मुख्य अतिथि पवन पैकरा ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र सेवा की भावना को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान कर रहा है। प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
सरकारी पारा पेंड्रा स्कूल में हुआ न्योता भोज
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत हायर सेकेंडरी स्कूल सरकारी पारा पेंड्रा में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत न्योता भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह सहित जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
न्योता भोज के माध्यम से विद्यार्थियों के साथ सामुदायिक सहभागिता और जुड़ाव को बढ़ावा दिया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने बच्चों के साथ सहभागिता करते हुए शिक्षा, पोषण और संस्कार के महत्व पर जोर दिया।
जीपीएम जिले में आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
