रायपुर। रास्ता पूछने के बहाने युवक को रोककर चाकू से हमला करने और मोबाइल लूटने के मामले में रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल और नगदी रकम बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में दो पूर्व में मारपीट के मामलों में जेल जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 की रात करीब 9:45 बजे हल्दीराम होटल का सेल्समैन धरमवीर साहू खाना खाने के बाद पैदल हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित अपने कमरे की ओर जा रहा था। लाभांडी जाने वाली सर्विस रोड के बस स्टॉप के पास जोरा मॉल की ओर से मोटरसाइकिल सवार दो युवक पहुंचे और रास्ता पूछने के बहाने उसे रोक लिया। दोनों ने धरमवीर के हाथ में रखे मोबाइल को लूटने का प्रयास किया।
धरमवीर द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसका हाथ पकड़ लिया और नुकीली वस्तु से बांह, पेट और पीठ पर वार कर घायल कर दिया। इसके बाद मोबाइल लूटकर दोनों मोटरसाइकिल से मैग्नेटो मॉल की ओर फरार हो गए। घायल धरमवीर को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 375/26 के तहत धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की तकनीकी जानकारी जुटाकर आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू किए गए।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर भुनेश्वर निषाद उर्फ राजा और राजू सबर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने लूटा गया मोबाइल दूजराम साहू उर्फ छोटू को बेचने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने दूजराम को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल चाकू, मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 HJ 0670 और नगदी रकम बरामद की है। पुलिस के मुताबिक भुनेश्वर निषाद उर्फ राजा और दूजराम साहू उर्फ छोटू पूर्व में भी मारपीट के मामलों में जेल जा चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपी
भुनेश्वर निषाद उर्फ राजा, उम्र 19 वर्ष, निवासी विशाल नाला के पास, थाना तेलीबांधा, रायपुर।
राजू सबर, उम्र 25 वर्ष, निवासी हीरा नगर हनुमान मंदिर के पास, थाना तेलीबांधा, रायपुर।
दूजराम साहू उर्फ छोटू, उम्र 26 वर्ष, निवासी हीरा नगर विशाल नगर, थाना तेलीबांधा, रायपुर।