रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब में रविवार को महिला पत्रकारों के लिए आयोजित तीज महोत्सव उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। पारंपरिक तीज के रंग में रंगे इस आयोजन में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा और विधायक भावना वोरा विशेष रूप से शामिल हुईं। अतिथियों ने महिला पत्रकारों का उत्साह बढ़ाने के साथ ही विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रैंप वॉक रहा। महिला पत्रकारों ने पारंपरिक परिधानों में सादगी, आत्मविश्वास और खूबसूरत अंदाज के साथ रैंप पर प्रस्तुति दी। इस दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सिर पर पल्लू लेकर पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में रैंप पर उतरीं। उनका यह अंदाज कार्यक्रम में मौजूद महिला पत्रकारों को खूब पसंद आया।
विधायक भावना वोरा ने भी महिला पत्रकारों के साथ रैंप वॉक किया और अपनी सहज एवं आत्मीय प्रस्तुति से सभी का ध्यान आकर्षित किया। राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने भी रैंप पर प्रस्तुति देकर महिला पत्रकारों के साथ तीज की खुशियां साझा कीं। जनप्रतिनिधियों की इस सहभागिता ने आयोजन को और खास बना दिया।
खेल प्रतियोगिताओं में भी दिखा उत्साह
तीज महोत्सव के दौरान महिला पत्रकारों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ इनमें हिस्सा लिया। हंसी-मजाक और मनोरंजन के बीच महिला पत्रकारों ने तीज महोत्सव का जमकर आनंद उठाया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में भाजपा प्रवक्ता शताब्दी पांडे और श्वेता पड्डा शामिल रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों एवं प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन करने के साथ महिला पत्रकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में महिला पत्रकारों को रिटर्न गिफ्ट भी प्रदान किए गए। उपहार पाकर महिला पत्रकारों में खासा उत्साह देखने को मिला।
अतिथियों ने महिला पत्रकारों को दी शुभकामनाएं
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि तीज छत्तीसगढ़ की संस्कृति और महिलाओं के उल्लास से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। रायपुर प्रेस क्लब की ओर से महिला पत्रकारों के लिए तीज महोत्सव का आयोजन सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में महिलाएं महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं और ऐसे आयोजन उन्हें काम के साथ उत्सव मनाने तथा आपसी संवाद का अवसर देते हैं।
राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने तीज को महिलाओं की खुशियों, आत्मीयता और सांस्कृतिक परंपराओं का पर्व बताते हुए महिला पत्रकारों को शुभकामनाएं दीं। विधायक भावना वोरा ने कहा कि महिला पत्रकार समाज की आवाज को मजबूती से सामने रखने का काम कर रही हैं। ऐसे आयोजन उन्हें व्यस्त दिनचर्या के बीच साथ मिलकर खुशियां मनाने का अवसर देते हैं।
प्रेस क्लब पदाधिकारियों की रही सक्रिय सहभागिता
कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े सहित आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाने वाली अमृता शर्मा, प्रियंका कौशल, मीनल शर्मा, आकांक्षा दुबे, विनीता मंडल, सोनल भारद्वाज, सुजाता साहा और अंबिका मिश्रा सहित बड़ी संख्या में महिला पत्रकार सदस्य उपस्थित रहीं।
प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि महिला पत्रकार प्रेस क्लब की महत्वपूर्ण और सक्रिय शक्ति हैं। तीज महोत्सव का उद्देश्य महिला पत्रकारों को काम की व्यस्तता के बीच ऐसा मंच देना है, जहां वे साथ मिलकर अपनी संस्कृति और परंपरा का उत्सव मना सकें। उन्होंने कहा कि महिला सदस्यों की सहभागिता से भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे।
तीज के पारंपरिक रंग, रैंप वॉक की खूबसूरत प्रस्तुतियों, खेल प्रतियोगिताओं, हंसी-मजाक और आत्मीय मेलजोल से पूरा प्रेस क्लब परिसर उत्सवमय नजर आया। उमंग और उल्लास से भरा यह आयोजन महिला पत्रकारों के लिए यादगार बन गया।
