बिलासपुर में एक शादी उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब दूल्हे की एक हरकत ने पूरे समारोह का रंग फीका कर दिया. परिवार ने बड़े अरमानों से शादी की तैयारियां की थीं. हल्दी से लेकर बारात तक हर रस्म धूमधाम से निभाई जा रही थी. डीजे की धुन पर नाचते-गाते बराती दुल्हन के घर पहुंचे और माहौल पूरी तरह उत्सव में डूबा हुआ था. लेकिन यह खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी।
जैसे ही दूल्हा कार से नीचे उतरा, वह शराब के नशे में बुरी तरह लड़खड़ाने लगा. उसकी हालत देखकर लड़की पक्ष के लोग दंग रह गए. कुछ ही मिनटों में माहौल बदल गया. स्वागत की तैयारियां रुक गईं और दुल्हन तक यह खबर पहुंच गई।

दूल्हे की हालत जानने के बाद दुल्हन ने बड़ा फैसला लेते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया. उसने नशे में धुत व्यक्ति के साथ सात फेरे लेने से मना कर दिया।

दुल्हन के इंकार के बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ और माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामला बढ़ता देख समाज के प्रमुखों और परिजनों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।

आखिरकार बिना शादी के ही बारात को वापस लौटना पड़ा। इस घटना ने एक बार फिर शराब के नशे के दुष्परिणाम को उजागर किया, वहीं दुल्हन के साहस की भी सराहना हो रही है।