शेख आबिद

मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर रायपुर पुलिस द्वारा चंगोराभाठा से दिनांक 24.09.2025 को एक संदिग्ध महिला एवं पुरूष को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ करने पर अपना नाम जग्गू कुरसम उर्फ रवि उर्फ रमेश पिता सुक्कू राम कुरसम, उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम सावनार, थाना गंगालूर, जिला बीजापुर (छ.ग.) एवं कमला कुरसम पति जग्गू कुरसम, उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम सावनार, थाना गंगालूर, जिला बीजापुर (छ.ग) बताया। इनके द्वारा स्वीकार किया गया कि माओवादी संगठन के लिए काम करते हैं। अभी कुछ समय से रायपुर में रहकर माओवादियों के लिए रसद, ईलाज, बड़े कॉडर आश्रय स्थल इत्यादि तथा शहर में रहकर शहरी नेटवर्क बनाने का काम कर रहे थे। जिस पर उक्त आरोपियों के विरूद्ध दीनदयाल नगर, रायपुर में अपराध क्रं. 441/2025 धारा 147, 148, 61 भारतीय न्याय संहिता, 17, 18, 19, 20, 38, 39, 40 विधि विरूद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1967 पंजीबद्ध किया गया है। इनके कब्जे 02 नग स्क्रीन टच मोबाईल, 10 तोला का सोने का बिस्कुट, 1 लाख 14 हजार दो सौ 40 रू. नगद एवं अन्य सामान बरामद किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी कर मान. विशेष न्यायालय (एन.आई.ए.) बिलासपुर में पेश किया गया।
पुलिस मुख्यालय के आदेश पर अग्रिम विवेचना के लिए राज्य अन्वेषण अभिकरण (एस.आई.ए.) को स्थानान्तरित किया गया है। प्रकरण में अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।