रायपुर। अखंड ब्राह्मण समाज सेवा समिति छत्तीसगढ़ द्वारा सुंदर नगर स्थित प्रदेश कार्यालय, ओम सोसाइटी में प्री-दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास एवं आत्मीय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और एक-दूसरे को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
समारोह में प्रदेश अध्यक्ष श्री तिवारी ने आगामी राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले अविवाहित युवक-युवती एवं पुनर्विवाह परिचय सम्मेलन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य विवाह योग्य युवक-युवतियों को संस्कारित एवं उपयुक्त जीवनसाथी चुनने के लिए सार्थक मंच उपलब्ध कराना है। साथ ही विवाह विच्छेद अथवा किसी कारणवश जीवनसाथी से वंचित व्यक्तियों को सम्मानपूर्वक नए जीवन की शुरुआत का अवसर प्रदान करना भी इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम के दौरान सदस्यों ने संगठन की सामाजिक गतिविधियों, आगामी आयोजनों एवं समाज की एकजुटता को लेकर विचार साझा किए। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने तथा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सुनीता तिवारी, अवधेश धर दीवान, ब्रजेश चौबे, प्रदीप मिश्रा, अनिल दुबे, दीपक तिवारी, साधना शुक्ला, मनोरमा त्रिपाठी, निवेदिता मिश्रा, डॉ. मल्लिका मिश्रा, लक्की दुबे, सरस्वती पाण्डेय, सविता वीरेंद्र शर्मा, विमल ओझा, मधु दुबे, आस्था तिवारी, स्वीटी शर्मा, जिया मिश्रा, मनीषा शुक्ला, काव्या त्रिपाठी, रितेश शुक्ला सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।