रायपुर।ऑनलाइन जुआ खेलने और कर्ज चुकाने के लिए जीजा के सूने मकान में लाखों की चोरी करने वाले सगे साले को टिकरापारा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 25 तोला सोने के जेवर, जिसकी कीमत करीब 37 लाख रुपये है, बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, लक्ष्मी नगर निवासी अनिल शर्मा के मकान में 30 अक्टूबर को चोरी हुई थी। मकान का ताला काटकर आलमारी और लॉकर तोड़कर सोने, चांदी, हीरे के आभूषण और नकदी चोरी की गई थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध दीवार फांदकर मकान में प्रवेश करता दिखाई दिया। उसकी पहचान प्रार्थी के साले प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय (31) के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपी ने ऑनलाइन जुआ खेलने की लत और कर्ज के चलते चोरी करना स्वीकार किया। वह पहले अपनी बहन के साथ जीजा के घर दो दिन रुका था, जहां उसे जेवरात रखने की जानकारी मिली थी। इसके बाद ग्राइंडर से ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी के सोने के जेवर बरामद कर लिए हैं।
