रायपुर, 2 नवंबर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का भव्य समापन 3 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में होगा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर राज्य अलंकरण समारोह आयोजित कर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रदेश की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
समापन समारोह में पद्मश्री उषा बारले की पंडवानी प्रस्तुति और प्रसिद्ध बॉलीवुड पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य के गीत मुख्य आकर्षण होंगे। मुख्य मंच पर शाम 6 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। शाम 7 बजे राज्य अलंकरण समारोह और रात 9 बजे अभिजीत भट्टाचार्य की संगीतमय प्रस्तुति होगी।
वहीं शिल्पग्राम में दोपहर 3 बजे से पंथी नृत्य, आदिवासी लोकसंगीत, कथक, भजन, सूफी संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों सहित दस सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्योत्सव के अंतिम दिन स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और जनजातीय विरासत की झलक देखने को मिलेगी।
