रायपुर। दीपावली पर्व के मद्देनजर आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की संयुक्त टीम ने 2 नवंबर को लाखे नगर स्थित हिंद स्पोर्टिंग ग्राउंड की पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग एवं नगर निगम की टीम ने दुकानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पटाखों के सुरक्षित भंडारण, क्रय-विक्रय, विद्युत व्यवस्था एवं अग्नि सुरक्षा के निर्धारित मानकों की जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा जारी निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने की हिदायत दी।
फायर एक्सटिंग्विशर चलाने का दिया प्रशिक्षण
निरीक्षण के दौरान ग्निशमन विभाग ने मॉक ड्रिल के माध्यम से पटाखा दुकानदारों को आग बुझाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। दुकानदारों को फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग और आग लगने की स्थिति में तत्काल एवं सुरक्षित तरीके से कार्रवाई करने की जानकारी दी गई। वहीं विद्युत विभाग ने वायरिंग एवं विद्युत उपकरणों के उपयोग में सावधानी बरतने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने दुकानों में अग्निशमन यंत्र सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने, पटाखों के भंडारण में सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को सूचना देने के निर्देश दिए।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने पटाखा दुकानदारों से दीपावली के दौरान सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने और जिम्मेदारीपूर्वक पटाखों का क्रय-विक्रय करने की अपील की है।