रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग अग्रवाल ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के वर्ष 2029 तक देश को नशा मुक्त बनाने के संकल्प का स्वागत करते हुए कहा कि जिस दृढ़ इच्छाशक्ति से केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार ने बस्तर को नक्सल मुक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है, उसी तरह देश को नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य भी निश्चित रूप से पूरा होगा।अग्रवाल ने कहा कि नक्सलवाद की तरह नशा भी युवा पीढ़ी और देश के भविष्य के लिए बड़ा अभिशाप है। नक्सलवाद बंदूक से मारता है, जबकि नशा धीरे-धीरे पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) सहित सभी एजेंसियां नशे के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई कर रही हैं। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जिस तरह मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने योजनाबद्ध तरीके से नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई की है, उसी तर्ज पर नशे के कारोबार पर भी कठोर प्रहार किया जा रहा है। नशे के उत्पादन केंद्रों को चिन्हित कर उन्हें जड़ से नष्ट करने के साथ ही अपराधियों की अवैध संपत्तियां कुर्क की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अब नशे के कारोबारी जेल से छूटने के बाद भी अपने अवैध धन का उपयोग नहीं कर पाएंगे।
अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2022 से 2026 तक छत्तीसगढ़ में 4960 प्रकरणों में 1 लाख 20 हजार 520 किलोग्राम से अधिक गांजे का नष्टीकरण किया गया है। इसके अलावा 27 लाख 95 हजार 574 नग नशीली दवाइयां, 1000 किलोग्राम चरस, 9.5 ग्राम एमडीएमए, 1011.82 ग्राम हेरोइन, 3334.57 ग्राम अफीम एवं ब्राउन शुगर तथा 4195 किलोग्राम डोडा-चूरा नष्ट किया गया है।
उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत, विकसित भारत के संकल्प की पहली शर्त है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में वर्ष 2029 तक देश को नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य निश्चित रूप से पूरा होगा।
